गामिनी सिंगला मुख्य विकास अधिकारी बदायूँ के द्वारा आज विकास खंड वजीरगंज ब्लॉक , ग्राम पंचायत व विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी के द्वारा सर्वप्रथम विकासखंड वजीरगंज कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय शैली गोबिल खंड विकास अधिकारी अपने स्टाफ के साथ मौजूद मिलीं। मुख्य विकास अधिकारी के द्वारा प्रधानमंत्री मॉडल आवास, कार्यालय परिसर स्टोर, स्टाफ कक्ष इत्यादि का निरीक्षण किया गया। साफ सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली।
विकास खण्ड के निरीक्षण के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी द्वारा गुठेला ग्राम में नव निर्माणाधीन वृहद गौशाला का निरीक्षण किया गया। मौके पर पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियन्ता, उ0प्र0 राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लि0, बरेली उपस्थित रहे। मानक के अनुरूप गुणवत्तापरक कार्य कराने के साथ कार्य की गति बढाने के निर्देश दिए गए।
वहीं पर मौजूद नगर पंचायत वजीरगंज की कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया गया, जहां पर गोवंशों की कम संख्या देखकर उनके द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। गोशाला में मौके पर मात्र साठ गोवंश ही संरक्षित पाए गए। इसी गोशाला में एक गाय बीमार थी, जिसका समुचित उपचार करने हेतु मौके पर पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नगर पंचायत वजीरगंज के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया, जहां पर फुल टाइम टीचर श्रीमती चेतना व 02 रसोइयों का मौके अनुपस्थित पाए गए अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बदायूं को निर्देशित किया गया।
अन्त में मुख्य विकास अधिकारी के द्वारा ग्राम पंचायत बनकोटा में वर्तमान वर्ष में मनरेगा द्वारा खुदवाए गए तालाब का निरीक्षण किया गया। वहां पर मौजूद वृक्षारोपण के अच्छे कार्य की प्रशंसा की । ग्राम पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया गया। वहां डिजिटल लाइब्रेरी की पुस्तकों का अवलोकन किया, समुचित लाइट की व्यवस्था करने के लिए निर्देश दिए, उसी के साथ ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी के बारे में ग्रामवासियों को जानकारी देने हेतु मुरादी करने के लिए निर्देशित किया गया। सामुदायिक शौचालय व मिया वाकी जापानी पद्धति पर आधारित वृहद वृक्षारोपण के द्वारा कराए जाने वाली साइट का भी निरीक्षण किया गया।

