बिसौली। मंगलवार को ग्राम पैगा भीखमपुर स्थित गंगा देवी इंटर कॉलेज में वन विभाग द्वारा वन महोत्सव मनाया गया। इस दौरान स्कूल प्रांगण में छायादार वृक्षों की कई किस्म के पौधे लगाए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को वनों के महत्व और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सुरेश यादव ने अपने संबोधन में बच्चों को ग्लोबल वार्मिंग के बारे में बताते हुए “पेड़ लगाओ जंगल बचाओ’ के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हम सब पर्यावरण का संरक्षण करें, ताकि आने वाले समय में हमें ऑक्सीजन को पीठ पर लेकर चलना नहीं पड़े। इस दौरान छात्र छात्राओं के साथ ग्रामीणों को वन संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर गांव के वरिष्ठ समाजसेवी दूरबीन सिंह, प्रधानाचार्य नेमपाल सिंह समेत बिसौली रेंज का स्टाफ मौजूद रहा।

