रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने आंध्र प्रदेश के तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को 25 इलेक्ट्रिक बसें दान करने की घोषणा की है। इन बसों की कुल कीमत लगभग ₹27.5 करोड़ बताई गई है। इसके साथ ही कंपनी बसों के संचालन के लिए 50 ड्राइवरों के वेतन और भत्तों का खर्च भी उठाएगी तथा मंदिर परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने में सहयोग करेगी। यह घोषणा रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने तिरुमला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन के बाद की।
इस दौरान अनंत अंबानी ने मंदिर की परंपरा के अनुसार केश दान (मुंडन) भी कराया। यह इस महीने उनकी दूसरी तिरुमला यात्रा रही। इससे पहले 12 जून को वे अपने पिता मुकेश अंबानी और पत्नी राधिका मर्चेंट के साथ मंदिर पहुंचे थे। सप्ताहांत में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए टीटीडी प्रशासन ने 29 जून के लिए VIP ब्रेक दर्शन और श्रीवाणी कोटा को अस्थायी रूप से रद्द कर आम श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने का फैसला किया।
यह पहल तिरुमला में पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इलेक्ट्रिक बसों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और संचालन में सहयोग से मंदिर परिसर में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

