बदायूं। बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे चौड़ीकरण के कार्य से बरेली से उझानी तक का सफर खतरनाक हो गया है। निर्माण के कारण 12 से अधिक स्थानों पर डायवर्जन किया गया है, लेकिन वहां पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं। इससे लोग रोजाना चोटिल भी हो रहे हैं। कई जगहों पर जाम की स्थिति भी बनती है। हाईवे के कई स्थानों पर मिट्टी पड़ी है, तो कहीं एक ही लेन पर दोनों तरफ का ट्रैफिक चल रहा है। सर्विस लेन अधूरी होने से वाहन मुख्य मार्ग पर ही फंस जा रहे हैं। हालात यह हैं कि बरेली से उझानी तक का एक घंटे का सफर अब दो से तीन घंटों में तय हो रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। मिट्टी और गिट्टी के कारण बाइक फिसलने का खतरा बना रहता है।

