चौपला फ्लाईओवर मरम्मत कार्य समय से पहले पूर्ण, 17 जून से आवागमन के लिए खुलेगा पुल*
बरेली, 10 जून। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज चौपला फ्लाईओवर का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पाया कि निर्धारित समयावधि से पूर्व ही मरम्मत का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य पुख्ता हो जाते ही 17 जून 2026 से आम जनमानस के लिए फ्लाईओवर पर वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाए।
ज्ञातव्य हो कि विगत माह जिलाधिकारी ने बैठक कर समस्त संबंधित अधिकारियों के साथ फ्लाईओवर बंद रहने से आमजन को हो रही असुविधा के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की थी तथा चौपला फ्लाईओवर के मरम्मत कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ 10 जून 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए थे।
आज जिलाधिकारी द्वारा सम्बंधित अधिकारियों के साथ फ्लाईओवर के ज्वाइंट्स की मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और पाया कि मरम्मत का कार्य पूर्ण हो चुका है वर्तमान में फिनिशिंग का कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 17 जून से पुल को आवागमन के लिए खोल दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि जनपद बरेली के अन्तर्गत बदायूँ-बरेली मार्ग पर स्थित चौपला पुल पर एक्सपेंशन ज्वाइंट लगाने के साथ-साथ मरम्मत का कार्य दिनांक 12 मई 2026 से प्रारम्भ हुआ था, जो कि लगभग पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में चौपला पुल पर अंतिम चरण का कार्य प्रगति पर है एवं कंक्रीट की तराई का कार्य किया जा रहा है, जिसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जायेगा। तत्पश्चात् चौपला पुल पर पूर्व की तरह यातायात का संचालन दिनांक 17 जून 2026 से प्रारम्भ किया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह, एन0एच0आई0 के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

