उत्तर प्रदेश के अमरोहा से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक युवक की शादी होनी थी। वह तैयार होकर सेहरा पहनकर बारात के साथ दूल्हन के घर जा रहा था। इसी दौरान उसके दोस्तों ने डीजे से मनपसंद गाना बजाने की फरमाइश की। डीजे ने उनकी पसंद का गाना बजाने से इनकार कर दिया। इसके बाद डीजे वाले के साथ उनकी बहस शुरू हुई। फिर नाराज दोस्त दूल्हे के पास पहुंच गए। उसके साथ बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोस्तों ने दूल्हे को ही पीट दिया। इसके बाद दूल्हा शादी के कपड़ों में ही निकाह छोड़कर परिवार के साथ एसपी ऑफिस पहुंच गया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव मानकजुड़ी की है। जानकारी के अनुसार, मानकजुड़ी निवासी अरमान की बारात अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव कांकर सराय जा रही थी। शादी से पहले बारात चढ़त के दौरान डीजे पर मनपसंद गाना न बजाने को लेकर दूल्हे और उसके दोस्तों के बीच विवाद होने लगा। इसके बाद दोस्तों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।

