हर घर तिरंगा अभियान के तहत बहजोई में निकली भव्य तिरंगा रैली जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
सम्भल (बहजोई), 13 अगस्त 2026
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज कलक्ट्रेट परिसर, बहजोई से छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में बहजोई इंटरमीडिएट कॉलेज, बहजोई, हीरादेवी तोताराम कन्या इंटर कॉलेज, बहजोई तथा चन्द्र पाल आदर्श इंटर कॉलेज, बहजोई के लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
रैली कलक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर रोडवेज बस स्टैंड, बहजोई पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान देशभक्ति के नारों एवं तिरंगे के साथ विद्यार्थियों ने नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
रैली में डॉ. राजीव कुमार, स्काउट एवं गाइड्स के नेतृत्व में बहजोई इंटरमीडिएट कॉलेज का बैंड भी शामिल रहा, जिसने देशभक्ति की धुनों से रैली में उत्साह का संचार किया।
जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सहभागिता करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक / प्रधानाचार्य जीआईसी लहरावन सीपी सिंह, चैयरमेन नगर पालिका बहजोई राजेश शंकर राजू, डॉ राजीव कुमार तथा संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

