राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा BJP के लिए बनी गले की फाँस, अखिलेश-प्रियंका ने संसद के बाहर रखी दानपेटी; नारे लगाए- ‘चंदा किसने लूटा है?’
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी सांसदों के साथ संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी अखिलेश के साथ नजर आईं। विपक्षी सांसदों ने ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ लिखे पोस्टर लहराए।
बारिश के बीच सपा सांसद संसद परिसर में एक दानपेटी रखकर प्रदर्शन कर रहे थे। फूल-माला से सजी इस दानपेटी पर ताला लगा हुआ था। उस पर ‘लापता’ की पर्ची चिपकी थी। नीचे लगे पोस्टर पर लिखा था- सरकार को बताना होगा कि मंदिर का चढ़ावा आखिर कहां गया।
प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद डिंपल यादव ने दानपेटी में पैसे डाले। जब वह वापस लौटने लगीं, तो फिरोजाबाद से सपा सांसद अक्षय यादव ने कहा- इसे बचा के रखना पड़ेगा, कहीं ये पैसे बीजेपी वाले छीन के न ले जाएं। इसके बाद कांग्रेस सांसद भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। ‘चंदा किसने लूटा है?’ लिखे पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
इधर, एनडीए (NDA) सांसदों ने भी विपक्ष के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। भाजपा सांसद हाथों में पोस्टर लेकर पहुंचे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर दिल्ली में ‘जेन-जी’ प्रदर्शन के मुद्दे पर चर्चा से भागने का आरोप लगाया। साथ ही, झारखंड में सोमवार को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए।
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा- हम छात्र आंदोलन और राम मंदिर चढ़ावा चोरी, दोनों मुद्दों पर बयान चाहते हैं, लेकिन गृह मंत्री सदन में आकर बयान देने को बिल्कुल तैयार नहीं हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि RTI से मिली जानकारी से पता चलता है कि कम से कम 10 बच्चे पैलेट गन से घायल हुए हैं। यह सरकार के पहले के उन दावों के बिल्कुल उलट है कि पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया गया था, जिससे साबित होता है कि वे झूठ बोल रहे थे। इसके अलावा, सरकार ने वादा किया था कि बच्चों के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की जाएगी। फिर भी, अब एक 15 साल की लड़की के खिलाफ ‘जीरो FIR’ दर्ज की जा रही है, जिसमें उसकी उम्र गलत तरीके से 25 साल बताई गई है। चंदा चोरी का बड़ा मुद्दा है, इस पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर विपक्ष का हल्लाबोल
Leave a Comment

