सावन का महीना आने वाला है। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले यूपी के जिलों में अफसर तैयारियां परख रहे हैं। इसी क्रम में मेरठ के डिवीजनल कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी हापुड़ के तीर्थनगरी ब्रजघाट में घाटों पर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान घाटों पर लाइट और गंदगी की स्थिति देख कमिश्नर बिफर गए। उन्होंने डीएम कविता मीणा और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह की मौजूदगी में नगर पालिका की EO (अधिशासी अधिकारी) पवित्रा त्रिपाठी से नाराजगी जताई। इससे जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट पर सामने आया है।
वीडियो में काला चश्मा लगाए कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी डीएम और एसपी के साथ खड़े हैं। पवित्रा त्रिपाठी से उन्होंने कहा- ‘तैयारी क्या कर रखी है आपने? यहां क्या घूमने आए है हम लोग? पिकनिक मनाने आए हैं? बहुत अव्यवस्थित है। लग के काम कीजिए।’ इस दौरान EO पवित्रा त्रिपाठी ने सफाई देने की कोशिश भी की। कमिश्नर के साथ डीआईजी कलानिधि नैथानी भी मौजूद रहे।

