ट्रेन में सफर के दौरान एसी और स्लीपर कोच में भारी भीड़, गैलरी में खड़े यात्री और शौचालय तक में बैठे लोगों की तस्वीरें अब शायद बीते दिनों की बात हो जाएं। यात्रियों की लगातार शिकायतों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड ने 1 जून 2026 से वेटिंग टिकट सिस्टम में बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया है, जिससे ट्रेनों में भीड़ कम होगी और रिजर्व सीट वाले यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सकेगा। रेलवे बोर्ड के नए नियमों के तहत अब ट्रेनों में वेटिंग टिकट की संख्या सीमित कर दी जाएगी। पहले स्लीपर क्लास में करीब 400 तक वेटिंग टिकट बुक हो जाते थे, लेकिन अब इसे कुल सीट क्षमता के अधिकतम 30% तक सीमित कर दिया गया है। यानी किसी ट्रेन में औसतन 150 से 200 से ज्यादा वेटिंग टिकट जारी नहीं किए जाएंगे। वहीं एसी कोच में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले यहां 300 तक वेटिंग टिकट जारी हो जाते थे, लेकिन अब कुल सीटों के सिर्फ 60% तक ही वेटिंग टिकट दिए जाएंगे। इससे लंबी वेटिंग लिस्ट और कोचों में बढ़ती भीड़ पर काफी हद तक रोक लगेगी।

