बिसौली। मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव बंजरिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति टीम द्वारा महिला उप निरीक्षक पूजा तोमर के नेतृत्व में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया, एवं उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। टीम द्वारा केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त आपात स्थिति में सहायता के लिए वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जैसे टोल फ्री नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया। महिला उप निरीक्षक पूजा तोमर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस दौरान महिला कांस्टेबल कृष्णा, महिला कांस्टेबल प्रियंका आदि उपस्थित रही।

