गैस सिलिंडर की किल्लत आम आदमी के लिए कितनी बड़ी मुसीबत बना हुआ है। इसकी बानगी शनिवार को आगरा के जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) कार्यालय में देखने को मिली। हाथों में कंगन पहने और हल्दी लगाकर एक दूल्हा अपनी शादी के लिए गैस के सिलेंडर का इंतजाम करने के लिए खुद डीएसओ कार्यालय पहुंच गया। उसके साथ उसके परिजन एवं अन्य लोग भी शामिल थे।
शाहगंज क्षेत्र का रहने वाले गौरव की शादी 20 अप्रैल की है। शनिवार को वह अपने जीजा और अन्य रिश्तेदारों के साथ जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। गौरव ने बताया कि उसकी शादी है। गैस सिलेंडर का इंतजाम करने के लिए उसे खुद आना पड़ा है। घरवाले बहुत परेशान हो रहे थे कि अगर गैस सिलेंडर नहीं मिले तो शादी में दावत कैसे होगी। गौरव के हाथों में कंगन बंधे थे, हल्दी लगे हुए बदन और पीले वस्त्रों के साथ वह पहुंचे थे। उनके एक हाथ में कटार भी लगी थी।

